अमित शाह आज रायपुर आएंगे, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल; दिवाली से पहले मिलेगी महतारी वंदन की 33वीं किस्त

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह विभिन्न लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए भी बड़ी सौगात होगी। अमित शाह राज्योत्सव के मंच से महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे। इससे महिलाओं को दिवाली से पहले योजना की राशि मिलने का लाभ मिलेगा।
दोपहर 3:05 बजे रायपुर पहुंचेंगे अमित शाह
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दोपहर 12:55 बजे दिल्ली स्थित 6A, कृष्णा मेनन मार्ग से रवाना होंगे। दोपहर 1:15 बजे पालम एयरफोर्स टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे और 1:20 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
उनके दोपहर 3:05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से मंडी रोड, पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3:30 बजे अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे लोकार्पण
अस्पताल कार्यक्रम के बाद अमित शाह शाम 5:05 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे पहुंचने के बाद 5:35 से 5:45 बजे तक विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे।इसके बाद शाम 5:50 बजे पीपल वन से रवाना होकर राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे।
राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल
केंद्रीय गृहमंत्री शाम 5:55 बजे नया रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
महिलाओं को मिलेगी महतारी वंदन की 33वीं किस्त
राज्योत्सव के समापन समारोह में अमित शाह महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी करेंगे। दिवाली से पहले प्रदेश की लाखों पात्र महिलाओं के खातों में योजना की राशि अंतरित की जाएगी।
महतारी वंदन योजना राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। किस्त जारी होने से प्रदेश की लाभार्थी महिलाओं को त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिलेगी।
रात 8:20 बजे दिल्ली के लिए होंगे रवाना
राज्योत्सव कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अमित शाह रात 8 बजे सड़क मार्ग से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 8:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने और 8:20 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
इस तरह केंद्रीय गृहमंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा करीब पांच घंटे का रहेगा। उनके दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राज्योत्सव के समापन समारोह पर भी सबकी नजरें रहेंगी।




