जशपुर के 50 विद्यार्थी तैयार कर रहे सैटेलाइट पेलोड, अप्रैल 2027 में अंतरिक्ष में होगा प्रक्षेपण

CM विष्णुदेव साय ने ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का किया शुभारंभ, जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को मिलेगा अंतरिक्ष विज्ञान का प्रशिक्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुल रहे हैं। जिले के 50 चयनित विद्यार्थी अब अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड तैयार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बगिया स्थित अपने निज निवास में महत्वाकांक्षी ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत विद्यार्थियों को सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग और रेडियो संचार जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र के विद्यार्थियों का अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ना प्रेरणादायक है। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है।
इसरो के वैज्ञानिकों से सीख रहे विद्यार्थी
जिला प्रशासन जशपुर की इस परियोजना को अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और IDYM फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत चयनित 50 विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीख रहे हैं।
विद्यार्थियों को इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है। तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी IDYM फाउंडेशन निभा रहा है, जो इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है।
अप्रैल 2027 में सैटेलाइट पेलोड के प्रक्षेपण की तैयारी
परियोजना के तहत विद्यार्थी एक शैक्षणिक Amateur Radio Satellite Payload के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन की प्रक्रिया सीख रहे हैं। इसका प्रक्षेपण इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रस्तावित है। इसके लिए अप्रैल 2027 का संभावित समय निर्धारित किया गया है।
इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालयों द्वारा भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है। इसकी मदद से विद्यार्थी सैटेलाइट को ट्रैक करने, अंतरिक्ष से प्राप्त डेटा ग्रहण करने और उसे डिकोड करने की तकनीक सीखेंगे।
अब केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा अंतरिक्ष विज्ञान का ज्ञान
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए पहले से ही अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
IDYM फाउंडेशन के प्रतिनिधि शिव सिंह भदौरिया के अनुसार, इस परियोजना से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और आत्मविश्वास बढ़ रहा है। अब वे केवल सैटेलाइट के बारे में पढ़ नहीं रहे, बल्कि उसके निर्माण और तकनीकी प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझ रहे हैं।



