गढ़फुलझर को आस्था और अध्यात्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करेंगे: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा महासमुंद जिले का गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। इस पवित्र स्थल को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय शुक्रवार को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह सौभाग्य है कि प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग पांच शताब्दी पूर्व उनके आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग इस क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।



