दिल्ली के भारत मंडपम में आज गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, राज्योत्सव दिवस पर होगा भव्य आयोजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता, राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि; सात पारंपरिक लोकनृत्यों की होगी प्रस्तुति
रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की गूंज आज देश की राजधानी दिल्ली में सुनाई देगी। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान छत्तीसगढ़ राज्योत्सव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री आज दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे और शाम को भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सात पारंपरिक लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के सात पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य सहित पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
चित्रकोट जलप्रपात का देख सकेंगे 3D अनुभव
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ के पर्यटन को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। भारत मंडपम पहुंचने वाले दर्शकों को चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव लेने का अवसर मिलेगा। इसके जरिए छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई जाएगी।
इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन की पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।




