Birthday Special: पंच से मुख्यमंत्री तक: त्याग, तपस्या और जनविश्वास की मिसाल हैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

62वें जन्मदिवस पर देश-प्रदेश से मिल रही शुभकामनाएँ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राज्य की सत्ता की कमान संभाले लगभग ढाई साल पूरे हो चुके हैं। इस अल्प अवधि में ही उन्होंने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। नक्सलवाद से आगे बढ़ता छत्तीसगढ़,पर्यटन और विकास की ओर अग्रसर राज्य,समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपरागत व्यंजनों की खुशबू से जुड़ी पहचान। मुख्यमंत्री साय उन चुनिंदा मुख्यमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं, जिनकी योजनाएँ कागजों तक सीमित न रहकर सीधे जनता तक पहुँचीं। शासन की पारदर्शिता, तेज निर्णय क्षमता और जमीन पर क्रियान्वयन ने उन्हें कम समय में ही लोकप्रिय जननेता बना दिया।

आदिवासी पृष्ठभूमि से मुख्यमंत्री तक का सफर
21 फरवरी 1964 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम बगिया में जन्मे विष्णुदेव साय, आदिवासी पृष्ठभूमि से आने वाले छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री हैं। वे एक मध्यमवर्गीय किसान परिवार से आते हैं। उनकी राजनीतिक विरासत भी सशक्त रही—उनके बड़े पिताजी नरहरि प्रसाद साय और स्वर्गीय केदारनाथ साय विधायक व सांसद रहे।
पंच से सरपंच और फिर सत्ता के शिखर तक
मुख्यमंत्री साय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1989 में पंच के रूप में की। इसके एक वर्ष बाद, 1990 में वे ग्राम पंचायत बगिया के निर्विरोध सरपंच बने। यहीं से उनके नेतृत्व को नई दिशा मिली। सरपंच रहते हुए वे भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप सिंह जूदेव के संपर्क में आए, जिसने उनके राजनीतिक जीवन को नई उड़ान दी। इसके बाद—तपकरा विधानसभा से दो बार विधायक,1999 से 2019 तक लगातार चार बार रायगढ़ लोकसभा से सांसद,केंद्र में राज्यमंत्री,तीन बार छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाए।

मुख्यमंत्री बनने की राह
2019 लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद भी विष्णुदेव साय राजनीति में सक्रिय रहे। वर्ष 2023 विधानसभा चुनाव में उन्हें कुनकुरी विधानसभा से प्रत्याशी बनाया गया, जहाँ से उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ की बागडोर सौंपी और वे राज्य के मुख्यमंत्री बने।

जनता के विश्वास का पर्याय
विष्णुदेव साय आज केवल एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आवाज़, विकास का भरोसा और सुशासन की पहचान बन चुके हैं। पंच से मुख्यमंत्री तक का उनका सफर छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
जनसेवा को समर्पित नेतृत्व
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, नियद नेल्ला नार, अखरा निर्माण योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प साकार किया है। वे समाज के हर समुदाय के बीच संवाद और समन्वय का ऐसा सेतु निर्मित करते हैं, जिससे प्रदेशहित में सामूहिक सहभागिता संभव हो सके।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है। उन्होंने राज्य के समग्र विकास, जनकल्याण और सुशासन के लिए मुख्यमंत्री के योगदान को प्रशंसनीय बताया।प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री साय के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति की नई ऊँचाइयों को छुएगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई

अमित शाह ने x पर पोस्ट करते हुए लिखा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री @vishnudsai जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शांति, सुरक्षा और हर वर्ग के कल्याण का सुंदर कालखंड देख रहा है। माँ दंतेश्वरी से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।




