
Raipur Bjp News: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी संगठन ने प्रदेश के सभी मोर्चा अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए इस माह के अंत तक अपनी-अपनी कार्यकारिणी बनाने की समय सीमा तय कर दी है। पार्टी के 7 मोर्चा अध्यक्षों के लिए तय की गई इस डेडलाइन को लेकर संगठन ने साफ कहा है कि देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संगठन के निर्देश के बाद भाजपा के सातों मोर्चा अध्यक्ष प्रदेशभर का दौरा कार्यक्रम तैयार कर कार्यकारिणी गठन की कवायद में सक्रिय हो गए हैं। रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण समेत एक दर्जन से अधिक जिलों की कार्यकारिणी अभी अधूरी है। इन जिलों को भी जल्द से जल्द संगठन संरचना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव की नई टीम का ऐलान 13 अगस्त को हुआ था, जिसमें सात नए मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। इसके बाद 31 अगस्त को प्रदेश भाजपा की बैठक में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई थी। बैठक में जहां संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने के निर्देश दिए गए, वहीं सभी मोर्चा अध्यक्षों को अपनी कार्यकारिणी गठन में विलंब न करने की सख्त हिदायत दी गई।
बीजेपी युवा मोर्चा में ‘अंडर 35’ पर फोकस
इस बार भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) की कार्यकारिणी गठन में खास रणनीति अपनाई जा रही है। संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि युवा मोर्चा की टीम में 35 साल से कम उम्र के कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
BJYM अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा है कि संगठन के निर्देश के मुताबिक ही कार्यकारिणी का गठन होगा और इसमें युवा नेतृत्व को आगे लाने पर विशेष जोर रहेगा।
भाजपा संगठन की इस सख्ती और समयसीमा को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मोर्चा कार्यकारिणियों के गठन की रफ्तार तेज़ होने की संभावना है।



