छत्तीसगढ़

17 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज का आंदोलन, 15 दिसंबर को विधानसभा का घेराव, 90 विधायकों के घर बजेगा नगाड़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर में आयोजित समाज की बैठक के बाद आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है। इसके तहत दिसंबर महीने में चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किए जाएंगे।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

आंदोलन के पहले चरण में 1 दिसंबर को प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास के सामने नगाड़ा बजाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर को जिला मुख्यालयों में मंत्रियों के पुतले दहन किए जाएंगे। आंदोलन के अंतिम चरण में 15 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करने की तैयारी है।

आरक्षण और भर्ती में 32 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग

सर्व आदिवासी समाज ने सरकारी सेवाओं में भर्ती और पदोन्नति में 32 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग उठाई है। साथ ही स्थानीय भर्ती में जनसंख्या के अनुपात के अनुसार सरकारी, अर्धशासकीय और निजी कंपनियों में अवसर देने की मांग की गई है, समाज ने फर्जी जाति प्रमाणपत्रों की जांच में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

आदिवासी जमीन और धर्म कॉलम का मुद्दा

समाज की प्रमुख मांगों में आदिमजाति कल्याण विभाग का नाम बदलने के फैसले को वापस लेना, आगामी जनगणना में आदिवासी धर्म के लिए अलग कॉलम शामिल करना और आदिवासी जमीनों के अवैध अधिग्रहण पर रोक लगाना शामिल है।

बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आदिवासियों की जमीन से जुड़ी अवैध अधिग्रहण और लीज प्रक्रिया समाप्त करने की मांग भी उठाई गई है।

सलवा जुडूम विस्थापितों की वापसी की मांग

बैठक में सलवा जुडूम के दौरान विस्थापित हुए लोगों की वापसी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समाज ने विस्थापित गांवों की स्थिति स्पष्ट करने और ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में रह रहे लोगों को उनके मूल गांवों में पुनर्वासित करने की मांग की है। इसके साथ ही सलवा जुडूम के दौरान बंद किए गए स्कूलों को दोबारा शुरू करने की मांग भी रखी गई।

पेसा कानून और UCC का विरोध

सर्व आदिवासी समाज ने अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने और 24 दिसंबर को प्रदेशभर में पेसा दिवस मनाने की मांग की है। समाज ने समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करने का भी ऐलान किया है।

इसके अलावा डिजिटल रजिस्ट्री पर तत्काल रोक, अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और अन्य मांगों को लेकर भी सरकार से कदम उठाने की अपील की गई है।

समाज ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search