मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार के साथ मनाई दीपावली, पत्नी कौशल्या साय संग जलाए दीप और की आतिशबाजी

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली का पर्व अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री निवास में दीपावली के अवसर पर उत्सव का माहौल नजर आया। मुख्यमंत्री साय ने अपने निवास के आंगन में दीप जलाकर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ फुलझड़ियां और अनार जलाकर दीपावली का आनंद लिया।
कर्मचारियों और आगंतुकों के साथ भी बांटी खुशियां
मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर पहुंचे लोगों और कर्मचारियों के साथ भी दीपावली की खुशियां साझा कीं। दीपों की रोशनी और आतिशबाजी के बीच सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
प्रदेशवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और उमंग का त्योहार है। यह पर्व परिवार के साथ समय बिताने, आपसी प्रेम और आत्मीयता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और जीवन में नई ऊर्जा एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।



