छत्तीसगढ़

NMDC का दावा: डिपॉजिट-14 भूस्खलन की वजह भूगर्भीय हलचल, IIT बॉम्बे करेगा जांच

दंतेवाड़ा/किरंदुल। बैलाडीला के किरंदुल स्थित NMDC डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन को लेकर कंपनी ने अपना पक्ष सामने रखा है। NMDC का दावा है कि घटना की मुख्य वजह खनन पट्टा क्षेत्र से बाहर करीब 2 किलोमीटर दूर वन क्षेत्र में शुरू हुई प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल थी। कंपनी के मुताबिक, इस हलचल का प्रभाव बाद में खदान के पुराने वेस्ट डंप तक पहुंचा, जिसके एक हिस्से के ढहने से मलबा नीचे की ओर फैल गया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

घटना के कारणों की वैज्ञानिक जांच के लिए IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। वहीं, प्रभावित वन क्षेत्र की पारिस्थितिक बहाली में सहयोग देने की बात भी NMDC ने कही है।

30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित होने का शुरुआती आकलन

डिपॉजिट-14 में भूस्खलन के बाद वन विभाग ने करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित होने का प्रारंभिक आकलन किया था। विभाग के अनुसार, कंपार्टमेंट नंबर 673 में पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को नुकसान पहुंचा है। करीब 2.5 से 3 किलोमीटर लंबा नाला भी मलबे की चपेट में आया है।वन विभाग ने इस मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है। अब विस्तृत निरीक्षण के बाद नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

खनन पट्टे से बाहर शुरू हुई थी भूगर्भीय हलचल: NMDC

NMDC के अनुसार, 18 नवंबर को बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल हुई थी। इसका शुरुआती प्रभाव लोहागांव की ओर जाने वाली निर्माणाधीन ग्रामीण सड़क और आसपास के इलाके में दिखाई दिया।

कंपनी का कहना है कि जमीन में हुई इस हलचल का असर खनन पट्टा क्षेत्र में स्थित पुराने वेस्ट डंप तक पहुंचा और उसका एक सीमित हिस्सा ढह गया। NMDC ने इसे बाहरी भूगर्भीय घटना का द्वितीयक प्रभाव बताया है।

वेस्ट डंप का मलबा 200 से 250 मीटर तक पहुंचा

कंपनी के मुताबिक, NMDC, वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया था। शुरुआती निरीक्षण में पाया गया कि वेस्ट डंप से निकली खनन अपशिष्ट सामग्री ढलान के निचले हिस्से से करीब 200 से 250 मीटर तक पहुंची थी।

हालांकि, कंपनी ने यह भी माना कि प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र की प्राकृतिक मिट्टी और बजरी करीब 2 से 3 किलोमीटर तक बहकर पहुंची। शुरुआती आकलन में भूमिगत जलधारा की संभावित भूमिका भी सामने आई है।

NMDC के आकलन में खनन अपशिष्ट और प्राकृतिक मिट्टी-बजरी के फैलाव को अलग-अलग बताया गया है। वहीं, वन विभाग ने नाले में मलबा और अपशिष्ट पदार्थ पहुंचने से वन क्षेत्र प्रभावित होने की बात कही है।

जनवरी 2026 की रिपोर्ट में सुरक्षित बताया गया था वेस्ट डंप

NMDC ने पुराने वेस्ट डंप की स्थिरता से जुड़ी तकनीकी रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि यह डंप करीब दो दशक से मौजूद था। इसकी स्थिरता बनाए रखने के लिए कई इंजीनियरिंग उपाय किए गए थे।

इनमें ढलान को स्थिर रखने के लिए सीढ़ीनुमा संरचनाएं, बारिश के पानी की निकासी के लिए गारलैंड ड्रेन, आधार को मजबूती देने के लिए टो बट्रेस वॉल और स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण शामिल था।

कंपनी के अनुसार, धनबाद स्थित केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (CIMFR) ने डिपॉजिट-14 के वेस्ट डंप की स्थिरता का अध्ययन किया था। जनवरी 2026 में सौंपी गई रिपोर्ट में डंप को स्थिरता के लिहाज से सुरक्षित बताया गया था। इसके अलावा, मासिक निगरानी सर्वेक्षणों में भी सतह पर बड़ी हलचल दर्ज नहीं हुई थी।

IIT बॉम्बे के विशेषज्ञ करेंगे वैज्ञानिक जांच

भूस्खलन के वास्तविक कारणों और जमीन की स्थिति का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच की जा रही है। इसके तहत प्रभावित इलाके का ड्रोन सर्वे किया जा रहा है, जिससे ऑर्थोमोजेक तस्वीरें तैयार कर मलबे के फैलाव और नुकसान की सीमा का आकलन किया जाएगा।

जांच में चट्टानों की अंदरूनी संरचना का नक्शा तैयार करने के साथ जमीन के द्रवीकरण यानी लिक्विफैक्शन की आशंका भी परखी जाएगी। इसके लिए मल्टीचैनल एनालिसिस ऑफ सरफेस वेव्स (MASW) टेस्ट किया जाएगा। यह तकनीक जमीन की कठोरता और उसकी आंतरिक संरचना का आकलन करने में मदद करती है।

NMDC के मुताबिक, IIT बॉम्बे के विशेषज्ञों के सहयोग से वैज्ञानिक आकलन किया जा रहा है। शुरुआती सिफारिशों के आधार पर प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है और जमीन की हलचल की रोजाना निगरानी की जा रही है।

प्रभावित जंगल की बहाली में सहयोग करेगा NMDC

कंपनी ने खनन पट्टा सीमा से बाहर प्रभावित वन क्षेत्र की पारिस्थितिक बहाली में भी सहयोग देने की बात कही है। इसके लिए वन विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर काम करने की तैयारी है।

NMDC के अनुसार, जरूरत के मुताबिक तकनीकी सहायता और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को दोबारा विकसित करने के साथ प्रभावित क्षेत्र की पर्यावरणीय स्थिति सुधारने के उपाय शामिल होंगे।बहाली से जुड़े कदम वैज्ञानिक अध्ययन की अंतिम रिपोर्ट और सरकारी एजेंसियों की सिफारिशों के आधार पर तय किए जाएंगे।

ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक रास्ते और मेडिकल सुविधा

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की आवाजाही और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। NMDC ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की है।कंपनी के मुताबिक, मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। NMDC और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने नजदीकी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। कंपनी ने दावा किया है कि घटना में अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search