सिंगापुर से लौटे CM साय, बोले – 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले, सभी MOU धरातल पर उतरेंगे

FDI के कई प्रस्ताव; तकनीकी शिक्षा पर हुआ MoU
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के चार दिवसीय दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे को राज्य के लिए निवेश, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को विदेशी निवेश (FDI) के 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सीएम साय ने कहा कि सभी प्रस्ताव धरातल पर उतरेंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के आयोजन के तहत सिंगापुर में Singapore-India Network for Growth Forum 2026 का आयोजन किया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ ने भी हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ को मिले FDI के कई प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि दौरे के दौरान सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। इन मुलाकातों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और राज्य में उपलब्ध अवसरों को लेकर चर्चा हुई। सीएम साय ने कहा कि इस दौरान छत्तीसगढ़ को विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) के कई प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का फोकस इन प्रस्तावों को आगे बढ़ाकर राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर है।
तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा के लिए MoU
सिंगापुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ और सिंगापुर स्थित IT Education Service के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) भी हुआ है।मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित IT कैंपस का दौरा भी किया। यह संस्थान अपने कौशल विकास मॉडल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाता है।सीएम के मुताबिक, संस्थान वैश्विक कंपनियों जैसे Cisco, BYD और Singapore Airlines के साथ ITI कॉलेजों में पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरणों के क्षेत्र में काम करता है।
ITI और स्किल डेवलपमेंट पर रहेगा फोकस
इस सहयोग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप मजबूत करना है। इससे ITI और कौशल विकास संस्थानों में नए पाठ्यक्रम, आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति और बेहतर उपकरणों को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा सकता है।
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर बोले CM साय
सिंगापुर दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। आज उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर को देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों तक देश और समाज की सेवा की है।
निवेश और कौशल विकास पर छत्तीसगढ़ का जोर
सिंगापुर दौरे के दौरान निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, बागवानी और अन्य क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार का प्रयास है कि अंतरराष्ट्रीय संस्थानों और कंपनियों के साथ सहयोग के जरिए छत्तीसगढ़ में निवेश, रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर तैयार किए जाएं। सीएम साय की वापसी के बाद अब सिंगापुर दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों और हुए समझौतों को जमीन पर उतारने की दिशा में सरकार के अगले कदम पर नजर रहेगी।




