असम दौरे से लौटे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

कहा – 10 वर्षों में बदली असम की दिशा-दशा, भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल
रायपुर। असम प्रवास से लौटे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने असम में डबल इंजन सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से असम की दिशा और दशा में ऐतिहासिक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि विकास की योजनाओं ने आम जनता का जीवन आसान बनाया है और अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों से असम तेजी से आगे बढ़ा है। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे जनता का सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
NDA के पक्ष में माहौल
अरुण साव ने दावा किया कि असम में जनता ने एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
विपक्ष कमजोर, मैदान से गायब:उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि असम में विपक्ष का कोई भी दल प्रभावी रूप से मैदान में दिखाई नहीं दे रहा है। जनता विकास के मुद्दों पर भाजपा के साथ खड़ी है और इस बार पार्टी पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
अरुण साव ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और कार्यों ने जनता का विश्वास जीता है और आने वाले चुनावों में इसका स्पष्ट परिणाम देखने को मिलेगा।



