बहतराई स्पोर्ट्स सेंटर में सुस्ती पर भड़के डिप्टी सीएम अरुण साव, 15 दिन में मांगी प्रगति रिपोर्ट

औचक निरीक्षण में निर्माण और मरम्मत कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, खिलाड़ियों की सुविधाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
बिलासपुर – स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई के औचक निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव निर्माण और मरम्मत कार्यों में हो रही देरी पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों पर जमकर बरसे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने मैपलवुड फ्लोरिंग, तीरंदाजी मैदान, हॉकी गैलरी, फ्लड लाइट, कबड्डी मैदान, एचवीएसी सिस्टम और आउटडोर स्टेडियम के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। डीएमएफ मद से राशि उपलब्ध होने के बावजूद हॉस्टल में आवश्यक मरम्मत कार्य लंबित मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई।
अरुण साव ने कहा कि बिलासपुर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मुख्यालय है, लेकिन यहां खेल अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की गति बेहद धीमी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और खेल विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने वर्ष 2017 से लंबित मैपलवुड फ्लोरिंग कार्य पर विशेष नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिनों के भीतर सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उनके कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीरंदाजी मैदान का निर्माण जुलाई तक पूरा कराने, हाईमास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत, कबड्डी मैदान की पुनरीक्षित स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा हॉकी मैदान में दर्शकों के लिए अतिरिक्त शौचालय निर्माण के निर्देश भी दिए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र को प्रदेश के उत्कृष्ट खेल केंद्रों में शामिल करने के लिए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।




