छत्तीसगढ़

3 महीने से बिजली गुल, पढ़ाई भी बेहाल; 45 छात्राओं ने उठाया ऐसा कदम कि प्रशासन में मच गया हड़कंप

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान 45 छात्राओं ने सोमवार को प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचने के लिए बड़ा कदम उठाया। छात्राएं स्कूल से करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर कलेक्टोरेट के लिए पैदल ही निकल पड़ीं। करीब 6 किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद इसकी जानकारी प्रशासन को मिली, जिसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बस भेजकर छात्राओं को कलेक्टोरेट लाया गया।

कलेक्टर से मिलने पर अड़ी छात्राएं

कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद छात्राओं ने सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात करने की मांग की। इसी दौरान थकान और तनाव के चलते एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। तीन महीने से बिजली की समस्या, पढ़ाई भी प्रभावितछात्राओं ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल में पिछले करीब तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा मेस में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं है। छात्राओं ने फिजिक्स और केमिस्ट्री की कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लगने की शिकायत भी की है।

छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने इन समस्याओं को लेकर पहले भी प्राचार्य और स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी थी, लेकिन लंबे समय तक समाधान नहीं होने के कारण उन्हें प्रशासन तक पहुंचने का फैसला लेना पड़ा।

अधिकारियों ने रास्ते में रोकने की कोशिश की

छात्राओं के पैदल मार्च की जानकारी मिलते ही आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला बैलकोटा पहुंचे और छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। कुछ शिक्षकों ने भी छात्राओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं किसी अन्य अधिकारी से बातचीत के बजाय कलेक्टर से ही मिलने की मांग पर अड़ी रहीं।इस दौरान शिक्षकों की ओर से छात्राओं के किसी के बहकावे में आने की बात कही गई। वहीं छात्राओं ने स्पष्ट किया कि वे बिना किसी दबाव के अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंची हैं।

कलेक्टर ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश

कलेक्टोरेट में छात्राओं से बातचीत के बाद उन्हें बस के माध्यम से वापस हॉस्टल भेज दिया गया। कलेक्टर अजीत वसंत ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने हॉस्टल की बिजली व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने और मेस में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि बिजली, शिक्षकों की कमी और मेस की साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search