छत्तीसगढ़

‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की समीक्षा, 17 सितंबर से होगा आगाज

एक महीने तक चलने वाले अभियान, ‘आशीर्वाद का दीया’ से लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तक होंगी विभिन्न गतिविधियां

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं विभिन्न जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों, कार्ययोजना, विभागीय दायित्वों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी ली।

वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियां ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ आयोजित की जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।

17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ते हुए प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनके जरिए 25 वर्षों की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए बदलाव की कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

आंगनवाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का उत्सव’:25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत सरकारी योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। इनका डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

सेवा ज्योति यात्रा’ समेत कई कार्यक्रम

अभियान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सभी स्तरों पर समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search