
कोरबा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के चार बड़े चेहरे रविवार को कोरबा जिले के बुका में आयोजित बांगो विस्थापित महासम्मेलन में एक मंच पर नजर आए। सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel, नेता प्रतिपक्ष Charan Das Mahant, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij और पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी।
हालांकि सम्मेलन के दौरान पार्टी नेतृत्व या संगठनात्मक बदलाव को लेकर किसी भी वरिष्ठ नेता की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया। पूरा कार्यक्रम हसदेव बांगो बांध से प्रभावित विस्थापित परिवारों के मुद्दों और उनके अधिकारों पर केंद्रित रहा।
महासम्मेलन में बांगो बांध से प्रभावित 52 गांवों के विस्थापित परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने विस्थापित परिवारों को बांगो बांध में मछली आखेट और बिक्री का स्वतंत्र अधिकार वापस देने की मांग उठाई।
विस्थापितों ने बताया कि वर्ष 1991 में विस्थापन के बाद शुरुआती वर्षों तक वे स्वयं मछली पकड़कर सरकार को मामूली रॉयल्टी देते थे और इसी से अपनी आजीविका चलाते थे। लेकिन वर्ष 2003 में ठेका प्रथा लागू होने के बाद उनका यह अधिकार समाप्त हो गया, जिसके विरोध में वे लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
सम्मेलन में नेताओं ने विस्थापित परिवारों की आजीविका, पारंपरिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विस्थापितों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।




