
रायपुर। भारतीय क्रिकेट के उभरते तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल अब उत्तर प्रदेश की बजाय छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने 2026-27 घरेलू सीजन के लिए टीम बदलने का निर्णय लिया है। फिलहाल उनके नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) से मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
यश दयाल पिछले कुछ समय से गंभीर विवादों और निजी कारणों के चलते प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने अपने करियर को नई दिशा देने और दोबारा लय हासिल करने के उद्देश्य से टीम बदलने का फैसला किया है। हाल ही में उन्होंने कर्नाटक के आलूर में आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप में भी हिस्सा लिया, जिससे उनके छत्तीसगढ़ की ओर से खेलने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप में यश दयाल के अलावा भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर जयंत यादव और सौराष्ट्र के ऑलराउंडर धर्मेंद्रसिंह जडेजा भी शामिल हुए। जयंत यादव इससे पहले पुडुचेरी के लिए घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम को मजबूत बनाने के लिए भारत के पूर्व बल्लेबाज अमेय खुरसिया को नया हेड कोच नियुक्त किया है। खुरसिया ने 2024-25 सीजन में केरल को रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

यश दयाल के घरेलू रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 27 फर्स्ट क्लास मैचों में 84 विकेट, 23 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36 विकेट और 71 टी-20 मैचों में 66 विकेट हासिल किए हैं। सितंबर 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में भी चुना गया था, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। अब छत्तीसगढ़ की ओर से शानदार प्रदर्शन कर वह एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाने की कोशिश करेंगे।




