
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मंदिरों में हुई सिलसिलेवार चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लाखों रुपये का कर्ज चुकाने के लिए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों ने तीन मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
एसपी विजय पाण्डेय ने बताया कि 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव स्थित चंडी दाई मंदिर और जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर को निशाना बनाया। आरोपियों ने चांदी के छत्र, देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के जेवर और दानपेटी चोरी कर ली थी।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक बाइक पर चार संदिग्ध दिखाई दिए। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन पर लाखों रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों में चोरी की। वारदात के बाद चोरी का पूरा सामान घुटिया गांव में आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे जमीन में गाड़ दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन खोदकर चोरी के सभी चांदी और सोने के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




