छत्तीसगढ़

तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, सीएम साय ने महोत्सव को हर वर्ष ₹25 लाख देने की घोषणा की

667 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बलरामपुर जिले में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना का पर्व है, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और समृद्धि का सशक्त प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति, लोहड़ी एवं पोंगल की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए प्रति वर्ष ₹25 लाख की स्थायी सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने तपेश्वर महादेव मंदिर परिसर में प्राचीन शिव चबूतरे पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

667 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री साय ने बलरामपुर जिले को विकास की नई गति देते हुए ₹667 करोड़ (655+ करोड़) की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने—शासकीय महिला कर्मचारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल,डाइट संचालन हेतु नवीन भवन,तथा जिला पंजीयन कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा की।

दो वर्षों में वादों को धरातल पर उतारने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान, महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को ₹10,000, तथा श्रीरामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के अंतर्गत 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा कराई जा चुकी है।

बच्चों संग पतंग उड़ाकर मनाई मकर संक्रांति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तातापानी में 60 फीट ऊँची भगवान शिव की प्रतिमा के समीप स्कूली बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति का पर्व अत्यंत उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया। यह दृश्य पर्व की सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना।

200 नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद: मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत विवाह बंधन में बंधे 200 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और विश्वासपूर्ण दांपत्य जीवन की कामना की।

परंपरा से प्रगति तक: शिल्पकारों को मिला सम्मान

सीएम साय ने राजपुर विकासखंड के ग्राम आरा निवासी कुम्हार शिवमंगल के साथ स्वयं चाक चलाकर माटीकला एवं ग्रामीण हस्तशिल्प को प्रोत्साहन दिया, जिससे पारंपरिक शिल्पकारों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखा गया।

माटीकला से डिजिटल नवाचार तक—विकास की जीवंत झलक: मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जनजातीय व्यंजन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता और ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसे नवाचारों ने छत्तीसगढ़ की परंपरा और प्रगति के सुंदर संगम को दर्शाया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search