प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स, 2026 की मेजबानी राज्य के लिए सम्मान का विषय – CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय है, जिससे राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 7 प्रमुख खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जबकि 2 खेल डेमो स्वरूप में शामिल होंगे। आयोजन तीन संभागों में किया जाएगा—सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा और उन्होंने केंद्रीय मंत्री मांडविया को इस अवसर पर शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय युवाओं में अपार खेल प्रतिभा है और ऐसे आयोजन उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर देंगे। उन्होंने आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ को खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान दिलाएगा।



