विधान सभा सचिवालय में स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ मनाया गया

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय में स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। विधान सभा परिसर में विधान सभा के सचिव दिनेश शर्मा ने प्रातः 8:30 बजे ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली. ध्वजारोहण के पश्चात सचिव दिनेश शर्मा ने विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेषित संदेश का वाचन किया।
विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को स्मरण करने, उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेने तथा आत्मावलोकन करने का दिवस है। हमें विचार करना चाहिए कि हम अपने राष्ट्रीय दायित्वों की पूर्ति के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं।
उन्होंने कहा कि आज का दिन उन असंख्य शहीदों की शहादत को नमन करने का अवसर है, जिनके बलिदान पर स्वतंत्र भारत की इमारत खड़ी हुई। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि हम सभी अपने कार्य, विचार और व्यवहार के माध्यम से समुन्नत एवं सुदृढ़ भारत के सपने को साकार करने में सार्थक और सकारात्मक पहल सुनिश्चित करें।
डॉ. रमन सिंह ने सभी से अनुरोध किया कि वे अपने व्यक्तिगत प्रयासों के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्वाकांक्षी संकल्प में अपना योगदान दें।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधान सभा परिसर को आकर्षक एवं नयनाभिराम रोशनी से सजाया गया है।




