छत्तीसगढ़

SECL में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, 80 पौधे रोपकर दिया हरित भविष्य का संदेश

बिलासपुर -एसईसीएल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान एसईसीएल बिलासपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर, परेड की सलामी ली। इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अपने संदेश में कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि हाल के वैश्विक एवं भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने एक बार फिर ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया है। संकट की परिस्थितियों में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और राष्ट्र की विकास यात्रा से सीधे जुड़ा है तथा कंपनी गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत 2047 के संकल्प में अपना योगदान दे रही है।

उन्होंने एसईसीएल परिवार के सभी कर्मचारियों, श्रमिकों, परिवारों एवं हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ एसईसीएल राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निरंतर मजबूत करता रहेगा।

साथ ही SECL द्वारा स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर 80 पौधों का रोपण किया गया. यह कार्यक्रम इंदिरा विहार कॉलोनी में संपन्न हुआ.कार्यक्रम में SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण उपस्थित रहीं।

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद इंदिरा विहार कॉलोनी परिसर में 80 पौधों का रोपण किया गया। यह पहल स्वतंत्रता के 80वें वर्ष को प्रकृति संरक्षण और सतत विकास के संकल्प से जोड़ने का संदेश देती है।

इस अवसर पर CMD SECL हरीश दुहन ने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 80 पौधों का रोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए SECL सतत एवं उत्तरदायी खनन की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि SECL ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन और हरित पहलों को भी समान महत्व दे रहा है। खनन क्षेत्रों में पुनर्वास, भूमि पुनर्विकास, पौधरोपण तथा इको-पार्क जैसी पहलों के माध्यम से कंपनी खनन के बाद भूमि को पर्यावरणीय एवं सामाजिक उपयोग के लिए विकसित करने की दिशा में कार्यरत है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रोपित पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी सामूहिक जिम्मेदारी को दोहराया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search