छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टर रुस्तम सारंग को खेल विभाग में प्रतिनियुक्ति, सहायक संचालक का संभालेंगे पद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंतर्राष्ट्रीय वेटलिफ्टर रुस्तम सारंग को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में प्रतिनियुक्ति देते हुए सहायक संचालक के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की ओर से यह मांग की जा रही थी कि सारंग के अनुभव का लाभ प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को मिलना चाहिए।

रुस्तम सारंग अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। खेल के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और उपलब्धियों को देखते हुए राज्य शासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि उनके मार्गदर्शन से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रेरणा मिलेगी।

सारंग ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन और उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी खेल उपलब्धियों और अनुभव को सम्मान देते हुए उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग में सहायक संचालक के पद पर प्रतिनियुक्ति प्रदान की गई है, जिसके लिए वे शासन के आभारी हैं।

उन्होंने बताया कि बीते कुछ महीनों से अन्य दायित्वों के चलते वे खेल प्रशिक्षण और गतिविधियों से दूर थे, जिससे कई छोटे खिलाड़ी बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस नई जिम्मेदारी के साथ वे फिर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने और खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

सारंग ने अपने कठिन समय में साथ देने वाले सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद भी व्यक्त किया और कहा कि वे प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button