छत्तीसगढ़

NMDC के डिपॉजिट-14 में भूस्खलन: 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित, वन विभाग ने दर्ज किया अपराध

दंतेवाड़ा। बस्तर के जंगलों में खनन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किरंदुल स्थित NMDC के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद खनन से निकला ओवरबर्डन (अपशिष्ट मलबा) नीचे स्थित आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंच गया। इस घटना में करीब 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने का अनुमान है। वहीं, लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा प्राकृतिक नाला भी मलबे की चपेट में आया है। मामले में वन विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

30 हेक्टेयर वन क्षेत्र को नुकसान, प्राकृतिक नाला भी प्रभावित

जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर की रात डिपॉजिट-14 में खनन से निकला ओवरबर्डन भूस्खलित होकर नीचे गिर गया। मलबा वन विभाग के कंपार्टमेंट नंबर 673 स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में फैल गया। प्रारंभिक आकलन में करीब 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित होने की बात सामने आई है।

भूस्खलन के चलते पेड़-पौधों, प्राकृतिक वनस्पति और जंगल के पुनर्जीवन यानी रीजनरेशन पर भी असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा करीब तीन किलोमीटर लंबे नाले में खनन का अपशिष्ट पदार्थ पहुंचने से प्राकृतिक जलप्रवाह प्रभावित हुआ है।

संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज

घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर लिया है। हालांकि, नुकसान का अंतिम आकलन अभी नहीं हो पाया है। विभाग के अनुसार, जब तक भूस्खलित मलबा स्थिर नहीं हो जाता, तब तक मौके पर विस्तृत निरीक्षण करना संभव नहीं है।

मलबा स्थिर होने के बाद वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। इसके बाद पेड़-पौधों, वनस्पति और जंगल के पुनर्जीवन को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाएगा।

CCF स्टाइलो मंडावी ने क्या बताया?

मुख्य वन संरक्षक (CCF) बस्तर स्टाइलो मंडावी के अनुसार, 17 नवंबर की रात किरंदुल के डिपॉजिट-14 में ओवरबर्डन भूस्खलित होकर नीचे गिरा। इससे कंपार्टमेंट नंबर 673 के आरक्षित वन क्षेत्र में करीब 30 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि लगभग ढाई से तीन किलोमीटर लंबा नाला भी प्रभावित हुआ है। संबंधित एजेंसी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज किया गया है। मलबा स्थिर होने के बाद विस्तृत निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा।

खनन और पर्यावरणीय सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

बस्तर में खनन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के बीच डिपॉजिट-14 की घटना ने पर्यावरणीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ओवरबर्डन का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा था, तो मलबा आरक्षित वन क्षेत्र और प्राकृतिक नाले तक कैसे पहुंचा? क्या ओवरबर्डन डंपिंग की निगरानी में चूक हुई? क्या पर्यावरणीय सुरक्षा के मानकों का पालन किया गया? और सबसे अहम सवाल यह है कि जंगल, जलस्रोत और प्रभावित ग्रामीणों को हुए नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस घटना के लिए किसकी जिम्मेदारी तय होती है और प्रभावित वन क्षेत्र के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search