छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं कंटेंट क्रिएटर्स : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपनी रचनात्मकता और डिजिटल माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति, लोककला, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा कंटेंट क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित के विषयों को भी लोगों तक पहुंचा सकते हैं।
16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में दिए गए अवॉर्ड
कार्यक्रम में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर्स का चयन किया गया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर, जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का बड़ा पाठ
युवा क्रिएटर्स के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी।
पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवाओं का प्रदेश है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योगों, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर सृजित किए जा रहे हैं।नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। बस्तर में जगरगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का विजन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के मध्य में स्थित है और चार महानगरों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और वन संपदा से समृद्ध है। यहां लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है।




