छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन का आंदोलन स्थगित, स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा के बाद फैसला

मांगों पर सरकार को दिया एक महीने का अल्टीमेटम, ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस को लेकर जारी होगा आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया है। आंदोलन शुरू होने के दूसरे ही दिन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संघ के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया। बैठक में विभिन्न मांगों को लेकर बातचीत हुई। स्वास्थ्य मंत्री से मिले आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने सरकार को एक महीने का समय देते हुए आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
1,000 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
संघ के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1,000 स्टाफ नर्सों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। संघ की मांग पर पूर्व से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को उनके अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने अथवा अतिरिक्त बोनस अंक देने का आश्वासन मिला है।
इसके अलावा नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के 10 हजार रुपये के वेतन में वृद्धि के लिए भी शासन स्तर पर प्रयास किए जाने की बात कही गई है। इसी आश्वासन के बाद संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी ज्वाइन की है।
ग्रेड पे और भत्तों पर एक महीने का अल्टीमेटम
एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। वहीं ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस से संबंधित मांगों पर आदेश जारी करने के लिए सरकार को एक महीने का समय दिया गया है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा और मिले आश्वासन के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।




