छत्तीसगढ़

NCC प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शामिल करेगी छत्तीसगढ़ सरकार, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया बड़ा ऐलान

रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित लखौली के एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार आवश्यक संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। संस्थान की जरूरतों का आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

वित्त मंत्री मंगलवार को लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कैडेटों से संवाद किया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

युवाओं में नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करता है NCC

ओपी चौधरी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इसका प्रशिक्षण केवल सैन्य सेवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए युवाओं को तैयार करता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक युवाओं को थलसेना, नौसेना और वायुसेना में करियर बनाने के लिए आगे आना चाहिए। अग्निवीर योजना भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान कर रही है।

सोशल मीडिया से दूर रहकर लक्ष्य पर करें फोकस

वित्त मंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लगातार छोटी-छोटी वीडियो देखने और बिना उद्देश्य सोशल मीडिया पर समय बिताने से एकाग्रता और समय प्रबंधन प्रभावित होता है। युवाओं को तकनीक का उपयोग अपने विकास के लिए करना चाहिए, न कि तकनीक के अधीन हो जाना चाहिए।

उन्होंने कैडेटों को अपने जीवन के संघर्ष और सिविल सेवा की तैयारी के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, नियमित दिनचर्या, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।

आत्मनिर्भर भारत की ताकत बनें युवा

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस जैसी रक्षा प्रणालियां भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता का उदाहरण हैं।

उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, अपनी प्रतिभा को निखारने और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर ब्रिगेडियर साई प्रसाद, कर्नल रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search