छत्तीसगढ़

NTPC सीपत की पहल: ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए ‘संकल्प’ की शुरुआत, 100 छात्रों को मिलेगी JEE-NEET की निःशुल्क कोचिंग

बिलासपुर। ग्रामीण और शासकीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देने के लिए एनटीपीसी सीपत ने ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम की शुरुआत की है। सामाजिक दायित्व और सामुदायिक विकास के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम में शासकीय विद्यालयों के कक्षा 11वीं और 12वीं के 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, आईएएस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक रजनेश सिंह, आईपीएस ने परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल की उपस्थिति में किया।‘संकल्प’ के लिए आसपास के शासकीय विद्यालयों से विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया गया है। इनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय सीपत एवं पंधी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों के कक्षा 11वीं और 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों के अलग-अलग बैच बनाए गए हैं।

सप्ताह में चार दिन होगी गहन पढ़ाई

कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को सप्ताह में चार दिन, प्रतिदिन तीन घंटे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। विद्यार्थियों को भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और जीव विज्ञान विषयों का विशेषज्ञों द्वारा गहन मार्गदर्शन दिया जाएगा। नियमित अध्ययन, टेस्ट और मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को JEE और NEET की तैयारी के लिए व्यवस्थित शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा- अवसर का पूरा लाभ उठाएं

मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी सीपत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘संकल्प’ जैसी पहल सामुदायिक विकास के साथ क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने और उपलब्ध अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है। ऐसी पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और ऊर्जा पैदा करने में मदद करती है, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

एसएसपी ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

विशिष्ट अतिथि रजनेश सिंह ने ‘संकल्प’ को सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को घर के नजदीक प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूरा लाभ उठाने और मेहनत के जरिए माता-पिता, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं आगे बढ़ने के साथ समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा और प्रकाश का स्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर के सुझाव से आकार लिया कार्यक्रम:परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में भी निरंतर काम कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य में डॉक्टर और इंजीनियर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मानव संसाधन प्रमुख बी.बी. पात्रा ने बताया कि कलेक्टर बिलासपुर के सुझाव के बाद इस पहल को आकार दिया गया। आसपास के शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कक्षा 11वीं और 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन किया गया।

उद्घाटन समारोह में चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी मौजूद रही। फैकल्टी ने विद्यार्थियों को कोचिंग की कार्ययोजना, कक्षा संचालन और आवश्यक नियमों की जानकारी दी। ‘संकल्प’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मजबूत आधार मिलने की उम्मीद है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search