रायपुर में CSEB के नाम पर लाखों की ऑनलाइन ठगी, सरकारी मीटर लगाने के नाम पर डेढ़ लाख से ज्यादा का फर्जीवाड़ा

रायपुर | राजधानी रायपुर में CSEB विभाग के नाम पर ऑनलाइन ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी बिजली मीटर लगाने और प्रोसेसिंग के नाम पर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से करीब 1 लाख 56 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित की पहचान भटगांव निवासी देवरात्रे के रूप में हुई है, जो नगर निगम जोन क्रमांक 04 में कर्मचारी हैं। जानकारी के अनुसार, ठगों ने खुद को CSEB का अधिकारी बताकर संपर्क किया और सरकारी प्रक्रिया का हवाला देते हुए मीटर इंस्टॉलेशन के नाम पर रकम जमा करने को कहा।
आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित से CSEB का फर्जी मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन भुगतान कराया गया। पीड़ित को जब संदेह हुआ और विभागीय स्तर पर जानकारी ली गई, तब ठगी का खुलासा हुआ।मामले की शिकायत मुजगहन थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और बिजली विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कार्य के नाम पर आने वाले कॉल, लिंक या ऐप पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान करने से पहले विभागीय कार्यालय से पुष्टि जरूर करें।




