छत्तीसगढ़राजनीति

दो साल में कुछ मंत्रियों के OSD और PA बदले गए, इसमें कुछ असामान्य नहीं – डिप्टी सीएम अरुण साव

कांग्रेस को हर जगह भ्रष्टाचार दिखता है, उनकी सरकार सिंडिकेट मॉडल पर चलती थी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में बीते दो वर्षों के दौरान कुछ मंत्रियों के OSD और PA बदले जाने को लेकर उठ रहे राजनीतिक सवालों पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक परिवर्तन समय-समय पर होते रहते हैं और इसे लेकर अनावश्यक राजनीतिक आरोप लगाना कांग्रेस की आदत बन चुकी है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को हर जगह सिर्फ भ्रष्टाचार ही नजर आता है, क्योंकि उनकी सोच और कार्यशैली ही उसी पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पूरे कार्यकाल में सिंडिकेट तरीके से भ्रष्टाचार किया, जिसमें केवल नेता ही नहीं बल्कि कई अधिकारी भी शामिल थे।अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी थीं कि आज कई अधिकारी जेल में हैं, जबकि कई अधिकारियों के खिलाफ अदालतों में मामले चल रहे हैं। यह तथ्य अपने आप में कांग्रेस सरकार की कार्यशैली को उजागर करता है।

साफ पेयजल को लेकर सख्त निर्देश

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के शहरों और गांवों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति को लेकर भी अहम निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को साफ पेयजल सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अरुण साव ने अधिकारियों को पेयजल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल आपूर्ति, पाइपलाइन, ट्रीटमेंट और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम से पहले ही पेयजल संकट की स्थिति न बने, इसके लिए पूर्व तैयारी और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है। जनता को साफ और सुरक्षित पानी उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीति जवाबदेही और पारदर्शिता पर आधारित है, जबकि कांग्रेस सरकार में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार ही पहचान बन चुका था।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button