
25 साल की सार्वजनिक सेवा को बताया प्रेरणादायक
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत भाजपा नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों की सराहना की। सभी ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन जनकल्याण और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित होने की बात कही।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा और समर्पण का गौरवपूर्ण अध्याय बताया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाए जाने का उल्लेख करते हुए लोगों से इस अवसर पर सेवा कार्यों में भागीदारी की अपील की।
वहीं, डॉ. रमन सिंह ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत एक महीने तक विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




