
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके राजनीतिक और प्रशासनिक सफर को रेखांकित करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ जनसेवा का सिलसिला 25 वर्षों से लगातार जारी है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। गुजरात की कमान संभालने के समय राज्य भुज भूकंप की त्रासदी से जूझ रहा था। इसके बाद गुजरात और पूरे देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में पीएम मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गरीब कल्याण योजनाओं का किया उल्लेख
सीएम साय ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। उन्होंने जनधन योजना, आधार और मोबाइल के माध्यम से वित्तीय समावेशन तथा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर का उल्लेख किया। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत को भी गरीब और वंचित वर्गों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
जनजातीय समाज के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल राज्य है और प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय, पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कदम जनजातीय समाज के विकास और अधिकारों से जुड़े हैं। सीएम साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने को भी जनजातीय समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्षेत्र का जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में इंफ्रास्ट्रक्चर को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए एक्सप्रेसवे, वंदे भारत ट्रेन, हवाई अड्डों और बंदरगाहों के आधुनिकीकरण का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और यूपीआई ने भारत की तकनीकी क्षमता को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। सेमीकंडक्टर, स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का भी उन्होंने उल्लेख किया।
अयोध्या, काशी और महाकाल लोक का किया उल्लेख
सीएम साय ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के दौरान सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक के विकास को भारत की सांस्कृतिक चेतना से जोड़ा।उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वैश्विक मंच पर भारत की आवाज को सम्मान के साथ सुना जाता है। उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की भारत की मेजबानी और योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान का उल्लेख करते हुए इसे भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका से जोड़ा।
विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक लक्ष्य नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक भूमिका से जुड़ा संकल्प भी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा के अनुरूप सभी लोग विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगे और इस संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। – विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़




