
दुर्ग। दुर्ग जिले के रिसाली में दो स्कूलों के छात्रों के बीच विवाद के बाद एक स्कूली बच्चे पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल छात्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रिसाली के दशहरा मैदान की है। बताया जा रहा है कि दो स्कूलों के छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान बाहर से बुलाए गए एक युवक ने एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र दुर्ग पुलिस में पदस्थ एक पुलिसकर्मी का बेटा बताया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकू से हमला करने वाला युवक कौन था। मामले में आगे की जांच जारी है।




