छत्तीसगढ़

RAIPUR NEWS: गुढ़ियारी इलाके में चौड़ीकरण का विरोध, सड़क पर उतरी जनता

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस, भीम आर्मी, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए हैं।

चौड़ीकरण के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने सख्ती भी दिखाई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

मुख्य सड़क जाम, बुलडोजर कार्रवाई जारी

प्रदर्शन के चलते गुढ़ियारी की मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया है। इसी बीच नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

स्थानीय लोगों में आक्रोश: स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन तय मार्किंग से ज्यादा क्षेत्र में तोड़फोड़ कर रहा है, जिससे कई लोगों की दुकानें और घर प्रभावित हो रहे हैं। इसको लेकर आम जनता में भारी नाराज़गी देखी जा रही है और लोग कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

स्थिति तनावपूर्ण, नजरें प्रशासन पर

फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या लोगों की आपत्तियों पर कोई समाधान निकलता है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button