शिवराज सिंह चौहान बोले- छत्तीसगढ़ में विकास की बयार बह रही, हर दिन पूरे हो रहे 1600 मकान

रायपुर/सक्ती। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को बहुत प्यार दिया है और प्रदेश में अब विकास की बयार बह रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “काका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्का मकान मिलने का अधिकार दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में हर दिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आवास के साथ सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
खेत से सड़क तक योजना में छत्तीसगढ़ को फायदा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ‘खेत से सड़क’ योजना को विकसित भारत के तहत शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए सड़कों को भी स्वीकृति दी गई है।
वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस पर बरसे शिवराज
कर्नाटक में वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।”शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक सरकार के फैसले को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि यह भारत माता का अपमान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा – “हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे।”उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को राष्ट्रविरोधी कदम जैसा बताया।
17 सितंबर को मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर बोले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि “भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और विश्व गुरु के पथ पर चल रहा है।”
BRICS पर कांग्रेस के सवालों का भी दिया जवाब
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व करने वाले देश एक धरती पर एकत्र हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश का सम्मान बढ़ता है तो “कांग्रेस के पेट में दर्द होता है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाती है और देश की प्रगति तथा विकास से वह प्रसन्न नहीं हो सकती।




