छत्तीसगढ़राजनीति

रायपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, 10 हजार से अधिक लोग हुए शामिल; CM साय बोले – चुनाव हारने पर EVM और आयोग पर उठाते हैं सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा की ओर से गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं विशाल रैली का आयोजन किया गया। सुभाष स्टेडियम से आयोजित इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। रैली के जरिए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जननी भी है। देश का लोकतंत्र पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने और देश में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ ही यह पदयात्रा निकाली गई है।

कांग्रेस पर CM साय का हमला, बोले- चुनाव हारने पर EVM और आयोग पर उठाते हैं सवाल

सीएम साय ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो कभी ईवीएम पर सवाल उठाती है तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है, लेकिन जब चुनाव जीत जाती है तो वही चुनाव आयोग उसे सही लगने लगता है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताते हुए कहा कि यह उसकी हताशा को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन के समय कांग्रेस के 12 नेता सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में थे, जबकि जवाहरलाल नेहरू के पक्ष में एक भी नेता नहीं था। इसके बावजूद नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र और वोट चोरी की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।

148 करोड़ जनता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए खड़ी है : किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि रायपुर में आयोजित यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का महाअभियान है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक देश में शासन करने वाला राजनीतिक दल अब गिने-चुने राज्यों तक सिमट गया है। उसकी जनविरोधी नीतियां और देशविरोधी सोच उसके राजनीतिक अस्तित्व के संकट को दर्शाती हैं।

किरण देव ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें बेहद मजबूत हैं और देश की 148 करोड़ जनता लोकतंत्र, संविधान एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए सजग खड़ी है।

भारत को अस्थिर करने की साजिश सफल नहीं होगी : बृजमोहन अग्रवाल

भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ तत्व दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों से कुछ समूहों और नेताओं द्वारा भारत को नेपाल और बांग्लादेश जैसा बनाने की धमकियां दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसी अराजक मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता का अपार समर्थन प्राप्त है और देश को अराजकता की ओर धकेलने वालों के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।

भाजपा के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि हुए शामिल

भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

इसके अलावा रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं आम नागरिक मौजूद रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search