पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर CM साय बोले- “बहुत नजदीक से जानते हैं प्रधानमंत्री को”

शिवराज के दौरे पर कहा – उनका छत्तीसगढ़ आगमन सौभाग्य का विषय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उन्हें लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला है और वे उन्हें बहुत नजदीक से जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तब उन्हें उनके साथ राज्य मंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब 25 वर्षों से देश और जनता की सेवा की है।
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज भारत को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
“भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं पीएम मोदी”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोगों को अपना परिवार मानते हैं और सभी के सुख-दुख की चिंता करते हैं। उनके 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल के पूर्ण होने पर प्रदेश की जनता भी उन्हें अपना आशीर्वाद देगी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को दीप जलाकर प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम भी होगा।
सक्ती में शिवराज सिंह चौहान का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के छत्तीसगढ़ आगमन को भी प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सक्ती में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है।सक्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनकर तैयार हुए आवास का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इसके साथ ही लखपति दीदी सम्मेलन का आयोजन भी होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में निर्धारित लक्ष्य से अधिक संख्या में महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


