Safai Karmchari Strike: रायपुर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन ठप, दूसरे दिन भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी

रायपुर। रायपुर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते राजधानी में घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर के कई इलाकों में कचरा गाड़ियां नहीं पहुंचने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में लगी 300 से ज्यादा गाड़ियों के लगभग 900 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। कर्मचारी वेतन, पीएफ और ड्यूटी टाइमिंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा, जिसके चलते उन्हें हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। कई कॉलोनियों और मोहल्लों में कचरे के ढेर जमा होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि दो दिनों से घरों का कचरा नहीं उठने के कारण बदबू और गंदगी बढ़ रही है।
वहीं नगर निगम प्रबंधन अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था खड़ी नहीं कर पाया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों से लगातार बातचीत की जा रही है और जल्द समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि हड़ताल खत्म नहीं होने की स्थिति में आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था और बिगड़ सकती है।
इधर नागरिकों ने जल्द से जल्द विवाद खत्म कर सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था सामान्य हो सके।



