
टिकरापारा थाना क्षेत्र का मामला, बच्ची ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर परिजनों को बताई घटना
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से एक 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची ने परिजनों को बताई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक युवक पर 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि बच्ची ने संघर्ष कर खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और वहां से भागकर अपने परिजनों के पास पहुंची। बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए टिकरापारा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुलेमान कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस द्वारा पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।




