इंद्रावती नदी उफान पर, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा जलस्तर; दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

जगदलपुर। बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही झमाझम बारिश का असर अब इंद्रावती नदी में साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी उफान पर है और इसका जलस्तर 8.40 मीटर तक पहुंच गया है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जगदलपुर की पुरानी पुलिया के ऊपर से भी पानी बहने लगा है।
नदी और उसके सहायक नालों के उफान पर आने से बस्तर के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। कई मार्गों पर पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
SDRF अलर्ट, प्रभावित इलाकों में मुनादी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए SDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। जगदलपुर तहसीलदार के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
बेलगांव-नगरनार मार्ग पर पानीबेलगांव को नगरनार से जोड़ने वाले मार्ग के ऊपर से भी बाढ़ का पानी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से सड़क पार करते नजर आ रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से ऐसे स्थानों पर अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की अपील की है।
उफान पर चित्रकोट जलप्रपात
लगातार बारिश के बीच चित्रकोट जलप्रपात भी अपने पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। इंद्रावती नदी में पानी बढ़ने के साथ चित्रकोट का जलप्रवाह भी तेज हो गया है। बारिश के बाद जलप्रपात का प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर आया है। हालांकि, तेज बहाव को देखते हुए पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 7 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में आगे भी बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में भी तेज बारिश, नाले में फंसे युवक को बचाया:रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में एक युवक फंस गया, जिसे रस्सी के सहारे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अगले 7 दिन राहत की संभावना कम:मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार बारिश की तीव्रता अलग-अलग रह सकती है। ऐसे में नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




