40 -40 लाख के दो शीर्ष इनामी नक्सली ढेर,मौके से हथियार भी बरामद

नारायणपुर – अबूझमाड़-महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। इस मुठभेड़ में नक्सलियों के दो सेंट्रल कमेटी मेंबर मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में संगठन के शीर्ष प्रवक्ता भी शामिल हैं।
मुठभेड़ में मारा गया पहला नक्सली विकल्प उर्फ रामचंद्र है, जो संगठन का प्रमुख प्रवक्ता माना जाता था। वहीं, दूसरा नक्सली कोसा उर्फ सुधाकर रेड्डी भी प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहा था। दोनों नक्सली लंबे समय से सुरक्षा बलों की हिट-लिस्ट में थे।
दोनों ही मारे गए नक्सली पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मौके से सुरक्षा बलों ने AK-47 रायफल और अन्य ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन दोनों शीर्ष नक्सली नेताओं के ढेर होने से नक्सल संगठन की रणनीतिक और प्रचार-तंत्र को गहरी चोट पहुंचेगी। अबूझमाड़ का इलाका लंबे समय से नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, लेकिन हाल के वर्षों में लगातार हो रही कार्रवाई ने उनकी ताकत को कमजोर किया है।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। संभावना है कि और भी नक्सली इस मुठभेड़ में घायल हुए हों।
यह मुठभेड़ नक्सल उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है। सुरक्षा बलों का कहना है कि संगठन के शीर्ष स्तर पर हुए इस नुकसान से नक्सली गतिविधियों पर निश्चित रूप से असर पड़ेगा।




