
रायपुर। छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने वाले एक सच्चे कार्यकर्ता का प्रेरक उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा रमन सिंह इस बात का बहुत बड़ा उदाहरण हैं कि एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण भाव से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कितना सशक्त बना सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह दुर्लभ होता है कि जो कभी नेतृत्व की भूमिका में रहे हों, वे बाद में कार्यकर्ता बनकर उसी समर्पण के साथ काम करें।
पीएम मोदी ने कहा क्रिकेट में हम देखते हैं कि जो कभी कप्तान होते हैं, वे खिलाड़ी बनकर भी टीम के लिए खेलते हैं। राजनीति में ऐसा कम देखने को मिलता है। डॉ. रमन सिंह इसका उदाहरण हैं जो कभी कैप्टन थे, वो आज कार्यकर्ता बनकर छत्तीसगढ़ की सेवा में जुटे हैं। वे हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं। पीएम के इन शब्दों पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी रमन सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि लोकतंत्र का असली मूल्य किसी पद से नहीं, बल्कि कर्म और आचरण से तय होता है। जब व्यक्ति अपने पद से नहीं, बल्कि अपने कार्य से बड़ा बनता है, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है। डॉ. रमन सिंह इसका सजीव उदाहरण हैं। नई विधानसभा भवन के इस ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यपाल रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत उपस्थित थे




