सुकमा में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर, सभी पर था 15 लाख का इनाम

सुकमा। सुकमा जिले में शनिवार सुबह DRG जवानों और नक्सलियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ भेज्जी और चिंतागुफा के बीच के घने जंगलों में तब शुरू हुई जब जवान सर्चिंग ऑपरेशन पर निकले थे। मौके से लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई देती रहीं और लंबे समय तक दोनों ओर से फायरिंग चलती रही।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस भीषण मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। सुकमा एसपी लगातार जवानों के संपर्क में हैं और ऑपरेशन से जुड़े हर अपडेट को मॉनिटर कर रहे हैं। जवानों की बहादुरी और सतर्कता के कारण भारी संख्या में मौजूद नक्सली पीछे हटने को मजबूर हुए।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान भी हो चुकी है। इनमें माड़वी देवा, जो जन मिलिशिया कमांडर, स्नाइपर स्पेशलिस्ट और एरिया कमेटी सदस्य था। दूसरा नक्सली पोड़ियम गंगी, CNM कमांडर था, जो कई वारदातों में शामिल रहा है। तीसरे नक्सली की पहचान सोड़ी गंगी के रूप में हुई है, जो किस्टाराम एरिया कमेटी की इंचार्ज सचिव के रूप में सक्रिय थी।
इनसे भारी मात्रा में नक्सली सामग्री, हथियार और अन्य आपूर्तियां मिलने की भी जानकारी है। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में जवानों ने सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया है, ताकि किसी भी संभावित नक्सली गतिविधि को रोका जा सके।




