आपका मुख्यमंत्री आपका भाई है… सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है- CM साय

बस्तर ओलम्पिक 2025 का संभागीय शुभारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बस्तर ओलिम्पिक 2025 की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका मुख्यमंत्री आपके समाज के बीच का है, आपका भाई है… आप आगे बढ़ें, सरकार हर कदम पर आपके साथ है। इस अवसर पर बस्तर संभाग के सातों जिलों और नुवाबाट के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बस्तर के गांव-गांव तक विकास पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके परिणामस्वरूप बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बस्तर की बदलती तस्वीर और महिला सशक्तिकरण की नई दिशा का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंतरराष्ट्रीय ओलिम्पिक स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः ₹3 करोड़, ₹2 करोड़ और ₹1 करोड़ की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर ओलिम्पिक युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। वन मंत्री केदार कश्यप और पद्मश्री मेरी कॉम भी समारोह में उपस्थित रहीं।
संचालक खेल एवं युवा कल्याण तनुजा सलाम ने बताया कि इस वर्ष बस्तर ओलिम्पिक में 3,92,000 से अधिक पंजीयन हुए हैं, जिनमें 2,27,000 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। नुवाबाट समेत 3,500 खिलाड़ी सिर्फ संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल है। मशाल प्रज्ज्वलन के बाद इसे सुकमा के कबड्डी खिलाड़ी विजय डोडी और नारायणपुर की खो-खो खिलाड़ी सलोनी कवाची ने मुख्य प्रज्वलन स्थल तक पहुँचाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।





