छत्तीसगढ़ विधानसभा में अनोखा दृश्य: शीतकालीन सत्र के पहले दिन बिल्ली की एंट्री ने खींचा ध्यान

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में एक अनोखा और रोचक दृश्य देखने को मिला, जब अचानक एक बिल्ली सदन में घुस आई और कुछ पलों के लिए पूरे सदन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
यह घटना उस समय हुई, जब वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी विजन डॉक्यूमेंट पर अपना वक्तव्य दे रहे थे। तभी सदन की सत्ता पक्ष की दीर्घा के ऊपर से बिल्ली की तेज आवाज गूंजने लगी। शुरुआत में भाजपा विधायकों ने इसे किसी मोबाइल की रिंगटोन समझा और इधर-उधर देखने लगे।
लेकिन जब बिल्ली की आवाज दोबारा और स्पष्ट रूप से सुनाई दी, तो स्पीकर सहित मंत्री, विधायक और अधिकारी सभी छत की ओर देखने लगे। जैसे-जैसे वित्त मंत्री का वक्तव्य आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे बिल्ली की आवाज भी बीच-बीच में गूंजती रही।
इस अप्रत्याशित स्थिति को देखकर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम भी स्वयं को हँसने से रोक नहीं पाए और उन्होंने वित्त मंत्री चौधरी की ओर देखकर मुस्कान साझा की। बताया जा रहा है कि बिल्ली रास्ता भटककर सदन के भीतर पहुंच गई थी।
कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई और कार्यवाही पुनः सुचारू रूप से आगे बढ़ी, लेकिन यह घटना शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही का सबसे चर्चित और हल्का-फुल्का पल बन गई।




