बारनवापारा अभ्यारण्य में जंगल सफारी, स्टे और टिकटिंग की ऑनलाइन सुविधा शुरू

पीसीसीएफ अरुण पांडेय ने किया वेबसाइट का लोकार्पण
बलौदाबाजार। बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य को अधिक आधुनिक और डिजिटल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में वन विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नया रायपुर में अभ्यारण्य की नई ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट bwsanctuary.com का लोकार्पण किया गया। शुभारंभ प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अरुण पांडेय ने किया। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी बलौदाबाजार गणवीर धम्मशील तथा अधीक्षक बारनवापारा अभ्यारण्य कृषानू चन्द्राकार उपस्थित थे।नई ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से अब पर्यटक जंगल सफारी, बारनवापारा पर्यटन ग्राम और देवहिल्स नेचर रिसॉर्ट की बुकिंग घर बैठे कर सकेंगे। वेबसाइट पर टिकट उपलब्धता, ऑनलाइन भुगतान और आगमन प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है। सफारी और स्टे की सभी सेवाएँ एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होने से पर्यटकों को यात्रा योजना बनाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
वेबसाइट को आधुनिक तकनीक पर विकसित किया गया है और यह पूरी तरह मोबाइल फ्रेंडली है, जिससे इसका उपयोग अत्यंत सहज होगा। इसमें फर्जी बुकिंग पर रोक, सटीक रिकॉर्ड प्रबंधन और वन विभाग के लिए बुकिंग डेटा की रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएँ शामिल की गई हैं। इसके अतिरिक्त व्हाट्सऐप आधारित हैसल-फ्री टिकटिंग सेवा भी जोड़ी गई है, जिससे बुकिंग और भी आसान हो जाएगी।
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट में 60 दिन पहले तक एडवांस बुकिंग की सुविधा दी गई है। इससे पर्यटकों को यात्रा का पूर्व नियोजन करने के साथ-साथ अभ्यारण्य प्रबंधन को नियंत्रित एवं सुरक्षित पर्यटन संचालन में मदद मिलेगी।



