छत्तीसगढ़ बनेगा टूरिज्म हब, होटल-रिजॉर्ट्स में 500 करोड़ का निवेश: पर्यटन सचिव रोहित यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को बड़ी आर्थिक मजबूती मिली है। राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश सामने आया है। यह निवेश मुख्य रूप से निजी क्षेत्र के प्लेयर्स द्वारा किया जाएगा, जिनके जरिए प्रदेश में नए होटल, रिजॉर्ट और टूरिज्म इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य की उद्योग नीति के तहत निवेशकों को दो से ढाई प्रतिशत कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन विभाग की ओर से सब्सिडी भी प्रदान की जाएगी, जिससे निजी निवेश को और प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन सचिव रोहित यादव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख पर्यटन हब के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नई नीति से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने पर्यटन और संस्कृति के संयुक्त विकास पर जोर देते हुए कहा कि इससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। सरकार का मानना है कि इस निवेश से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ का पर्यटन मानचित्र तेजी से बदलेगा।




