छत्तीसगढ़अपराध

राजिम हिंसा: दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच झड़प, गांव छावनी में तब्दील, 3 आरोपी गिरफ्तार

पुराने विवाद की चिंगारी से भड़की हिंसा, गांव में तनावपूर्ण हालात

गरियाबंद – जिले के राजिम क्षेत्र अंतर्गत दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। घटना की जड़ें तीन वर्ष पुराने एक विवाद से जुड़ी बताई जा रही हैं, जिसने एक बार फिर गांव का माहौल बिगाड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन साल पहले गांव में स्थित शिव मंदिर को तोड़े जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ समय पहले आरोपी के जेल से बाहर आने के बाद गांव में फिर से तनाव की स्थिति बनने लगी।

आरोप है कि आरोपी ने रिहाई के बाद दूसरे समुदाय के लोगों पर जानलेवा हमला किया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देर रात एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आगजनी की, वहीं कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

हालात बिगड़ते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की भी सूचना है। झड़प के बाद पूरे गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए राजनांदगांव, धमतरी और महासमुंद जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी और एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हालात में कुछ हद तक शांति आई।

पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कुछ को क्राइम ब्रांच की टीम ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। प्रशासन का कहना है कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button