
रायपुर। केंद्रीय बजट को जन जन तक पहुंचाने लेकर छत्तीसगढ़ भाजपा ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि बजट की प्रमुख विशेषताओं और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय बजट देश के विकास की दिशा तय करता है और इसमें आम नागरिक, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और मध्यम वर्ग के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए जाते हैं। इन्हीं बिंदुओं को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा जिला एवं संभाग स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन प्रेस वार्ताओं के माध्यम से बजट में छत्तीसगढ़ से जुड़े विशेष प्रावधानों, राज्य के विकास से संबंधित योजनाओं और केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
किरण देव ने यह भी जानकारी दी कि राजधानी रायपुर में केंद्रीय मंत्री स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्रीय बजट पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इस दौरान बजट के आर्थिक, सामाजिक और विकासात्मक पहलुओं को सामने रखा जाएगा।
भाजपा का लक्ष्य है कि केंद्रीय बजट की सही और तथ्यात्मक जानकारी प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचे, ताकि लोग यह समझ सकें कि बजट से उन्हें किस प्रकार लाभ होगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह अभियान जनता के साथ संवाद को और मजबूत करेगा तथा केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति विश्वास बढ़ाएगा।




