रायपुर से शुरू होगा ‘AI सक्षम शिक्षा अभियान’, Google के साथ मिलकर सरकार तैयार करेगी टेक-सक्षम शिक्षक

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करने जा रही है। प्रदेश में 2 लाख से अधिक शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शिक्षण से जोड़ने की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत रायपुर से होगी और बाद में इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में लागू किया जाएगा।इस अभियान को लेकर Google for Education India के चीफ संजय जैन और Google के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजेश रंजन ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीएम हाउस में मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह भी उपस्थित रहे।
रायपुर में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
बैठक के दौरान Google for Education India के चीफ संजय जैन ने रायपुर प्रशासन और Google के बीच हुए Letter of Intent (LOI) की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शुरू किया गया है।इस अभियान के तहत स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा।इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों से प्रशिक्षित करना है, ताकि कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाया जा सके।
2 लाख शिक्षकों को AI प्रमाणन देने का लक्ष्य
सरकार और Google की इस संयुक्त पहल में 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन (AI Certification) देने का लक्ष्य रखा गया है।इसके तहत Google for Education अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है, ताकि शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके और उन्हें नई पीढ़ी की शिक्षण आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।
पहले चरण में 200 शिक्षकों की विशेष कार्यशाला: कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों की सहभागिता के साथ विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में शिक्षकों को Google for Education Tools का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके साथ ही कक्षा शिक्षण में AI के प्रभावी उपयोग, स्मार्ट कंटेंट निर्माण, डिजिटल शिक्षण तकनीकों और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सीएम साय बोले – यह अभियान परिवर्तनकारी सिद्ध होगा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परिवर्तनकारी सिद्ध होगा।उन्होंने कहा कि शिक्षकों को AI आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल संसाधनों से सशक्त बनाकर कक्षा शिक्षण को और अधिक प्रभावी, आधुनिक और छात्र-केंद्रित बनाया जा सकेगा।सीएम साय ने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ को एक ऐसे ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना चाहती है, जहाँ हर विद्यार्थी को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और अवसरों से भरपूर शिक्षा उपलब्ध हो सके।




