CM साय की दो टूक: तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा, किसी को गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए

रायपुर। तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को भी इस संबंध में गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम और चौक विकसित किए जा रहे हैं।
तेलीबांधा चौक का स्वरूप रहेगा बरकरार
चौक के नाम को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक के नाम में कोई परिवर्तन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक को ‘सेवा संकल्प ज्योति चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने लोगों से किसी भी तरह की गलतफहमी में नहीं पड़ने की अपील करते हुए कहा कि तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन की बात सही नहीं है।
दुर्ग से जारी होगी महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले के दौरे पर रवाना हुए। दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के माध्यम से महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी।मुख्यमंत्री के मुताबिक इस किस्त की राशि प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं के खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी। ई-केवाईसी करा चुके पात्र हितग्राहियों को इस किस्त का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों तक शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्ग जिले को इस दौरान विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी।
धर्मांतरण को लेकर भी CM साय का बयान
धर्मांतरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में अवैध तरीके से धर्मांतरण की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस संबंध में कठोर कानून हैं और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हारने के बाद बौखला गई है और अपना विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर हार का ठीकरा फोड़ती है। साय ने कहा कि जब ईवीएम के माध्यम से कांग्रेस के सांसद और विधायक चुने जाते हैं, तब उन्हें ईवीएम से कोई आपत्ति नहीं होती।
नाना पाटेकर के निधन पर जताया दुख
,अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद खबर है कि लोकप्रिय अभिनेता नाना पाटेकर हमारे बीच नहीं रहे। उनकी सादगी और अभिनय का अंदाज लोगों को बेहद पसंद आता था।मुख्यमंत्री ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन फिल्म जगत और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत अभिनेता की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।




